Gehu Huaa Mahega : भारत द्वारा गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध की घोषणा, गेहूं की कीमतों में आया उछाल
Gehu Huaa Mahega : भारत द्वारा गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध की घोषणा और यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद उत्पादन में गिरावट की आशंका के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों में गेहूं की कीमतों में उछाल आया है। संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एजेंसी ने यह जानकारी दी। खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) मूल्य सूचकांक मई 2022 में औसतन 157.4 अंक रहा, जो अप्रैल से 0.6 प्रतिशत कम है। हालांकि, यह मई 2021 की तुलना में 22.8 प्रतिशत अधिक रहा।
भारत के प्रतिबंध के कारण कीमतों में वृद्धि
एजेंसी के मुताबिक, “कई प्रमुख निर्यातक देशों में फसल की स्थिति और युद्ध के कारण यूक्रेन में उत्पादन कम होने की आशंकाओं के बीच भारत द्वारा गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा के कारण गेहूं की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं।” इसके विपरीत, अंतरराष्ट्रीय मोटे अनाज की कीमतों में मई में 2.1 प्रतिशत की गिरावट आई, लेकिन एक साल पहले की कीमतों की तुलना में 18.1 प्रतिशत अधिक रही।
एफएओ चीनी मूल्य सूचकांक में अप्रैल की तुलना में 1.1 प्रतिशत की गिरावट आई है, आंशिक रूप से भारत में अधिक उत्पादन के कारण वैश्विक स्तर पर इसकी उपलब्धता बढ़ने की संभावना है। गौरतलब है कि भारत ने घरेलू स्तर पर बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के उपायों के तहत 13 मई 2022 को गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया था।